धनबाद में संगठित तरीके से बीसीसीएल के कोयले की लूट जारी है और इसमें अधिकारी और सत्ता का संरक्षण प्राप्त है. पूरे मामले की जांच सीबीआई से होनी चाहिए. जेवीएम अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने बड़ा आरोप लगाते हुए ये मांग की.

धनबाद परिसदन में प्रेसवार्ता कर बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि बाघमारा ही नहीं पूरे धनबाद में गुंडा राज कायम है. धनबाद की विधि व्यवस्था भी चौपट हो गयी है. बीजेपी विधायक ढुल्लू महतो को लेकर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कोल आउटसोर्सिंग कंपनी के प्रबंधक को धमकाने वाला ऑडियो जारी होने के बाद भी विधायक के खिलाफ केस दर्ज क्यों नहीं हुआ?

पूर्व सीएम ने सवाल किया कि किसके इशारे पर बाघमारा विधायक को बचाया जा रहा है? आखिर मुख्यालय के आला पुलिस अधिकारी को धनबाद के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए नसीहत क्यों देनी पड़ती है? आपसी मिलीभगत से सिस्टम बौना हो गया है.

जेवीएम सुप्रीमो ने एक सवाल के जवाब में कहा कि उनकी पार्टी का किसी दूसरे दल में विलय नहीं होगा, बल्कि वे कांग्रेस, जेएमएम, आरजेडी समेत तमाम विपक्षी पार्टियों के साथ 2019 का चुनाव लड़ने को तैयार हैं. उन्होंने कहा कि दोबारा मुख्यमंत्री बनने की कोई लालसा नहीं रखा हूं. चुनाव के समय सीट शेयरिंग और नेतृत्व पर भी सहमति बन जाएगी.

पूर्व मुख्यमंत्री ने पीएमसीएच जाकर घायल पार्टी प्रखण्ड अध्यक्ष रूपेश पासवान का हालचाल जाना. इस मामले में अबतक अपराधी की गिरफ्तारी नहीं होने पर उन्होंने पुलिस की नीयत पर सवाल खड़ा किया. झरिया में कुछ दिन पहले रूपेश को गोली मार दी गई थी.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours