वर्तमान उपराष्ट्रपति एवं भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष वेंकैया नायडू का हेलीकॉप्टर जलाने वाला माओवादी सब जोनल कमांडर संजय यादव ने बुधवार को चतरा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. वर्ष 2005 में हेलीकॉप्टर जलाकर सुर्खियों में आने वाला भाकपा माओवादी का सब जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ भागवत यादव उर्फ तारा यादव दो दशकों तक अपराध की दुनिया में छाया रहा था. झारखंड एवं बिहार के दुर्दांत नक्सलियों में से एक भागवत के आत्मसमर्पण से इस क्षेत्र में माओवादियों की रीढ़ अब टूटी हुई मानी जा रही है. चतरा पुलिस भी इसे बड़ी सफलता मान रही है.
विगत बीस वर्षों से झारखंड और बिहार पुलिस के लिए सिरदर्द रहा प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी का दुर्दांत नक्सली पूर्व सबजोनल कमांडर संजय यादव उर्फ भागवत यादव उर्फ तारा यादव उर्फ रामअवतार अब हिंसा के बजाय लोगों को शांति का संदेश देगा. माओवादी विचारधारा से तंग आ चुके नक्सली ने समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी अखिलेश वी वारियर व सीआरपीएफ 190 बटालियन के कमांडेंट पवन कुमार बासन के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया.
संगठन में लंबे समय तक विभिन्न शीर्ष पदों पर रहे पूर्व सबजोनल कमांडर पर बिहार के गया जिला अंतर्गत बाराचट्टी थाना क्षेत्र के धनगांय इलाके में वर्तमान उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के काफिले पर हमला कर हेलीकॉप्टर जलाने समेत करीब डेढ़ दर्जन दुर्दांत नक्सली मामले दर्ज हैं. आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली ने वर्ष 2005 में वर्तमान उपराष्ट्रपति के काफिले पर हमला कर हेलीकॉप्टर को जला दिया था. इन सभी मामलों में बिहार व झारखंड के कई थानों के पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours