पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में बहरागोडा विधानसभा क्षेत्र के उत्कृष्ट बच्चों को महामहिम राज्यपाल के हाथों सम्मानित किया गया. राज्यपाल से सम्मानित हुए बच्चों में एक अलग तरह की खुशी देखने को मिली. बच्चों ने सम्मानित होने के बाद कहा कि पहली बार वे राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित हो रहे हैं. सम्मानित होने के बाद अपने लक्ष्य के बारे में बच्चों ने बताया कि वे आगे पढ़ लिखकर शिक्षक, इंजीनियर या पुलिस ऑफिसर बनना चाहते हैं. बहरागोड़ा में प्रतिभा सम्मान समारोह से बच्चों के चेहरे में एक अलग उत्साह देखा जा रहा है.
आपको बता दें कि बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के 115 उत्कृष्ट बच्चों को राज्यपाल के हाथों सम्मानित किया गया. इस मौके पर सांसद, घाटशिला विधायक समेत जिला के उपायुक्त और जिला प्रशासन के साथ साथ बहरागोड़ा के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित थे. सभी ने बच्चों का हौसला बढ़ाया और कहा कि इस तरह प्रतिभा सम्मान समारोह से बच्चों का हौसला बढ़ता है.
राज्यपाल ने बहरागोड़ा प्रखंड के 115 मैट्रिक और इंटर के टॉपरों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. बारी-बारी से बच्चों को स्टेज पर उनके नाम और स्कूल के नाम के साथ बुलाकर सम्मानित किया गया. मंच पर सांसद विद्युत वरण महतो, घाटशिला विधायक लक्ष्मण टुडू, पोटका की विधायक मेनका सरदार, डीसी अमित कुमार भी उपस्थित थे.
राज्यपाल ने कहा कि बहरागोड़ा तीन राज्यों का जंक्शन है. तीन भाषाओं के लोग यहां निवास करते हैं. यहां के लोग देश-विदेश में अपनी सेवा देते हैं. उन्होंने कहा कि देश में 65 फीसदी युवाओं की आबादी है. छात्र देश के भविष्य हैं. विद्यार्थियों को हुनरमंद बनाने के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है.
बहरहाल, कार्यक्रम में स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए संयोजक डॉ. गोस्वामी ने राज्यपाल से गुड़ाबांदा में एक डिग्री कॉलेज खोलने आग्रह किया. ताकि यहां के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाकर भटकना न पड़े. उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि बहरागोड़ा कॉलेज में प्लेसमेंट सेल स्थापित हो ताकि यहां के युवाओं को रोजगार मिल सके. वहीं बहरागोड़ा कॉलेज में तीन विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने को लेकर राज्यपाल का आभार व्यक्त किया.
उन्होंने कहा कि राज्य में यह पहला प्रखंड है, जहां 32 हाई स्कूल हैं. इन स्कूलों को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि राज्य के बाहर तकनीकी पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों की स्कॉलरशिप किसी कारण से बंद हो गई है, उसे शुरू किया जाना चाहिए ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours