जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार शामिल हुए. उन्होंने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी करने को कहा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे नेताओं के नाम का नारा लगाने के बदले संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करें तो ज्यादा बेहतर होगा. उन्होंने हर माह एक बैठक जोनल समन्वयक की मौजूदगी में करने की बात कही. प्रदेश अध्यक्ष ने फर्जी मेंबरशिप बनाने की परंपरा को बंद करने की भी बात कही. वे गुरुवार को चैंबर ऑफ कामर्स के सभागार में जिला कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए कहा कि जब हम संगठन को मजबूत करेंगे तब भाजपा स्वयं सत्ता से हट जाएगी. उन्होंने नेताओं को अनर्गल बयानबाजी से दूरी बनाकर संगठन हित में काम करने की नसीहत दी. उन्होंने कहा कि हर माह होने वाली बैठक में कार्यकर्ता सौ रुपये पार्टी के नाम से जमा करें. उन्होंने पार्टी व राष्ट्रीय अध्यक्ष की नीति को जनता तक पहुंचाने की अपील की.
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एसटी, एससी, ओबीसी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अल्पसंख्यक को लेकर हर कार्यक्रम आयोजित करें. कमिटी में उन्हें स्थान जरूर दें. उन्होंने कहा कि हर कार्यक्रम में पांच हजार कार्यकर्ता को जुटाएं तब जाकर चुनाव लड़ने का दावा करें. प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष को कहा कि जिला में जितने भी नाराज कांग्रेसी हैं उनका मोबाइल नंबर लेकर व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं ताकि उन्हें हर कार्यक्रम में आमंत्रित किया जा सके. उन्होंने इस कार्य को अविलंब पूरा करने की बात कही.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours