जमशेदपुर के परसुडीह थाना इलाके में स्थित गोल पहाड़ी मंदिर के पास अपराधी सुबुत्रो सरकार उर्फ पापालू सरकार की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया.
मामले की जानकारी देते हुए परसुडीह थाना प्रभारी अनिमेष गुप्ता ने बताया कि गोल पहाड़ी स्थित मंदिर के पास शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त की और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. उन्होंने बताया कि शव सुबुत्रो सरकार उर्फ पापालू सरकार का है, जिसकी पत्थर से कुचल कर हत्या की गई थी. पुलिस को घटना स्थल पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद हुआ है.
थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ दिन पहले की सुबुत्रो सरकार जेल से छूट कर गया था. पुलिस ने फिलहाल हत्या के अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. सुबुत्रो के परिजनों का कहना है कि शाम को मंदिर जाने के लिए सुबुत्रो घर से निकला था और कुछ देर बाद ही उसकी हत्या की सूचना मिली. सुबुत्रो के पिता की भी 2011 में इसी तरह से हत्या की गई है. परिजनों ने इसके लिए बस्ती के लोगों पर हत्या का शक जाहिर किया है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है और मामले की जांच में जुट गई है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours