लातेहार के बूढ़ा पहाड़ में नक्सली हमला में शहीद हुए दुमका के शहीद जवान परमानंद चौधरी के घर झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी पहुंचे. उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. बाबूलाल ने कहा कि घटना काफी दुखद है. शहीद के परिजनों को कोई तकलीफ ना हो सरकार को इस बात का ख्याल रखना चाहिए. बाबूलाल ने कहा कि हाल के दिनों में नक्सली घटना में कमी आई है. लेकिन इसका खात्मा जरूरी है.
झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने शहीद के परिवार से मिलने के बाद कहा कि मैं अपनी संवेदना व्यक्त करने आया हूं. इस परिवार से मिल रहा हूं. घटना दुखद है. उन्होंने कहा कि राज्य में जो स्थिति बनी हुई है उस बारे में सभी को पता है. उग्रवादियों के हमलों में अभी तक कई जवान मारे गए, कई आम लोग भी शिकार हुए. कोशिशें की जा रही हैं कि राज्य में अमन चैन स्थापित हो.
बाबूलाल मरांडी ने आगे कहा कि शहीद जवान की पत्नी है और उनकी छोटी सी बच्ची है. हम जरूर चाहेंगे कि सरकार इस परिवार के प्रति बिना देर किए जो भी सरकारी प्रावधान है उसकी व्यवस्था करे. हम उम्मीद करते हैं कि सरकार करेगी. अगर कहीं कोई दिक्कत होगी तब हम उसे देखेंगे.
बाबूलाल मरांडी ने आगे कहा कि राज्य में उग्रवाद पहले से कम हुआ है. लेकिन हमें इसे जड़ से समाप्त करना चाहिए. उस दिशा में जितनी पहल होनी चाहिए उतना कुछ दिखाई नहीं पड़ रहा है. इस वजह से उग्रवादियों का जड़ बना हुआ है. इसीलिए कहीं-कहीं इस प्रकार की घटनाओं को वो अंजाम देते हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours