केंद्र सरकार के द्वारा खरीफ फसलों के समर्थन मूल्य में बढ़ोत्तरी किए जाने की घोषणा को झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) ने आई-वाश करार दिया है. हालांकि जेवीएम नेता बंधु तिर्की ने कहा कि अगर इस योजना को ईमानदारी से लागू किया जाएगा, तो किसानों को जरुर लाभ होगा.
वहीं भूमि अधिग्रहण संशोधन बिल के मुद्दे पर विपक्ष के बंद को उन्होंने सफल बनाने की अपील की. बंधु तिर्की ने कहा कि भूमि अधिग्रहण संशोधन कानून-2017 राज्य की जनता के लिए मौत के फरमान जैसा है. उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को बंद के दौरान शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने का निर्देश दिया.
विपक्ष के इस बंद को जेवीएम का भी समर्थन है. जेवीएम सहित पूरे विपक्ष का साफ कहना है कि यह बिल जनता के हित के खिलाफ है और सरकारी जबरदस्ती जमीन छीनने के लिए बिल लाई है. हालांकि सरकार की दलील है कि बिल जनता के हित में है. सरकार के मंत्रियों ने दावा किया है कि यह बंद सफल नहीं होने वाला है. जबकि विपक्ष ने इसके लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है. बंद के मद्देनजर सुरक्षा के भी सख्त इंतजाम किये गये हैं.
उधर केन्द्र सरकार ने बुधवार को 14 फसलों के समर्थन मूल्य में बढ़ोत्तरी कर दी. केंद्र ने धान के समर्थम मूल्य में 200 रुपये का इजाफा किया है. अब किसानों को धान की फसल पर एमएसपी 1750 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है. पिछले साल यह 1550 रुपये थी. बाजरे की लागत पहले 990 रुपये होती थी. लेकिन इसे अब 1950 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours