रांची। लंबे अरसे के बाद रांची में शनिवार को मूसलधार बारिश हुई। मानसून सीजन में अभी तक रांची में हल्के से मध्यम दर्जे की ही बारिश हुई थी, लेकिन शनिवार को रांची में झूमकर सावन बरसा। इस दौरान रांची में 89 एमएम बारिश रिकार्ड किया गया, जो इस साल के सबसे ज्यादा बारिश है। मूसलाधार बारिश होने के कारण कुछ घंटे के लिए शहर में नाली और सड़क में फर्क समाप्त हो गया।
कई जगह नाली का पानी सड़क पर बहने लगा। इसमें वाहनों और पैदल लोगों को गुजरने में काफी परेशानी हुई। कई जगह सड़कों पर डेढ़ से दो फीट पानी जमा हो गया। शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क पर जल जमाव की स्थिति पैदा हो गई। जल जमाव के कारण सड़क पर घंटों आवागमन भी प्रभावित रहा।
उप राजधानी दुमका में भाजपा की बैठक में भाग लेने पहुंचे मुख्यमंत्री रघुवर दास खराब मौसम के कारण सीधे रांची नहीं लौट सके। सांसद निशिकांत दुबे के चार्टर्ड प्लेन से वे पटना होते हुए रांची लौटे। पटना में चार्टर्ड प्लेन ईधन लेने के लिए पहुंचा था। इसके पूर्व मुख्यमंत्री चौपर से बोकारो होते हुए दुमका पहुंचे थे। सूत्र बता रहे हैं कि चौपर तकनीकी खामियों के कारण उड़ान नहीं भर सका। दुमका से सवा छह बजे के करीब चले सीएम देर शाम 7.30 बजे रांची पहुंचे।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours