राज्य में पर्यटन एवं कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री रघुवर दास सात दिनों के लिए चीन का दौरा करेंगे. 1 से 7 सितंबर तक चीन दौरे के दौरान सीएम संघाई, बीजिंग सहित चीन के कई शहरों का भ्रमण करेंगे. इस दौरान जहां राजनीतिक चर्चा होगी वहीं फूड प्रोसेसिंग, खेती के तौर तरीके और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चीन के तौर तरीकों की जानकारी लेंगे. आज शाम 8 बजे चीन दौरे को लेकर सीएम दिल्ली रवाना होने जा रहे हैं.

मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ चीन दौरे पर मंत्री सीपी सिंह, नीलकंठ सिंह मुंडा, अमर बाउरी के अलावा डीके तिवारी, सीएम के प्रधान सचिव सुनील बर्णवाल भी रहेगें. सात दिवसीय चीन दौरे का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक है. राजनीतिक चर्चाओं के अलावा चीन दौरे के क्रम में सीएम बीजिंग में इलेक्ट्रॉनिक्स, माइनिंग के क्षेत्र में काम करनेवाले उद्यमियों से मिलेंगे. साथ ही चीन सरकार के प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे. सीएम 4 और 5 सितंबर को गोंझाऊ शहर में फूड और एग्रीकल्चर के उद्यमियों से मिलेंगे.

राज्य में कृषि एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने चीन के टेकनोलॉजी के प्रति खास रुचि दिखाई है. यही वजह है कि इसे नजदीक से देखने के लिए चीन जा रहे सीएम ने राज्य में फूड प्रोसेसिंग, ऑर्गेनिक सब्जी आदि को बढ़ावा देने का मन बनाया है. इतना ही नहीं नवंबर में होने वाले ग्लोबल एग्रीकल्चर समिट के उद्यमियों को झारखंड आमंत्रित किया जाएगा. राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संघाई की तरह राजधानी में भी एक टावर निर्माण कराने की योजना है. 63 करोड़ की लागत से बनने वाले बिरसा टावर को सीएम संघाई टावर की तरह बनाना चाहते हैं. इसके लिए सीएम चीन दौरे के दौरान संघाई टावर का मुआयना करेंगे.

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष किसी न किसी मुख्यमंत्री को विदेश भेजा जाता है ताकि व्यवसाय, उद्योग और निवेश के मुद्दे पर बात हो सके. इसी कड़ी में इस वर्ष मुख्यमंत्री रघुवर दास अपने सहयोगी मंत्री के साथ सात दिनों के दौरे पर चीन में रहेंगे. 7 सितंबर को दिल्ली वापस आने के बाद सीएम दिल्ली में 8-9 सितंबर को आयोजित भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेंगे. सीएम के 10 सितंबर को रांची लौट आने की संभावना है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours