झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास इन दिनों लोगों को ना केवल साफ-सफाई के लिए जागरुक कर रहे हैं, बल्कि खुद झाड़ू लगाकर उदाहरण भी पेश कर रहे हैं. बुधवार को रामगढ़ के पतरातू में इसकी झलक देखने को मिली. सीएम पतरातू के बिरसा बाजार में झाड़ू लगा कर साफ-सफाई की.

मुख्यमंत्री के हाथों में झाड़ू देखकर भाजपा कार्यकर्ता और अधिकारी भी सफाई अभियान में जुट गए. सीएम ने कहा कि बीते चार सालों में लोगों में काफी जागरुकता आयी है. लोग अब सफाई का महत्व जान गये हैं. पीएम मोदी के आह्वान का असर बच्चों में स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है.

सीएम ने पोषक रथ को हरी झडी दिखाकर रवाना किया. सीएम ने कहा कि दूसरे राज्यों की तुलना में झारखण्ड में शिशु मृत्युदर में कमी आई है. पोषक रथ जिले के तमाम प्रखंड में घुमाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने जिले के अधिकारियो को स्वच्छता की शपथ भी दिलायी.

सीएम जब पतरातू डैम पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य को देखने पहुंचे, तो वहां की गंदगी को देखकर बिफर गये और डीडीसी को जमकर फटकार लगायी. सीएम ने मौके पर काम कर रहे मजदूरों से भी बात की. उनसे मजदूरी के बारे में पूछा. मजदूरों ने सीएम से कहा कि 237 रुपये प्रतिदिन की दर से मजदूरी मिल रही है, जबकि न्यूनतम मजदूरी 268 रुपये है. सीएम ने इसे गंभीरता से लिया और मौके पर मौजूद ठेकेदार पर फटकारा और अधिकारियों को ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मजदूरों का हक किसी कीमत पर किसी को मारने नहीं दिया जाएगा. सरकार भ्रष्टाचार किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी. वहीं साफ-सफाई को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये और कहा कि पतरातू डैम जैसे पर्यटन स्थल पर अगर इस तरह से गंदगी रहेगी, तो बाहर से आने वाले लोग क्या कहेंगे.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours