झारखंड में गोड्डा जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के दरघट्टी गांव के पास अचेत अवस्था में घायल महिला के मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना देर शाम शुक्रवार की है, जब पुलिस पेट्रोलिंग की वाहन हाईवे पर सिकतिया की तरफ जा रही थी. तभी पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी की नजर महिला पर पड़ी. ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी है, जिससे वह सड़क पर घायल हालत में पड़ी हुई थी.
फिलहाल, पुलिस के जवानों ने घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है. वहीं महिला बेहोशी की हालत में होने के कारण कुछ भी बोलने में असमर्थ दिखी. बहरहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. फिलहाल, पुलिस परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मामले में मुफ्फसिल थाने के एएसआई का कहना है कि रात के अंधेरे में महिला सूनसान सड़क पर घायल हालत में बेसूध पड़ी मिली थी. उन्होंने कहा कि महिला के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी. पुलिस का कहना है कि अभी तक महिला के बारे में कोई पहचान नहीं हो सकी है कि महिला कहां की रहने वाली है और वो यहां कैसे पहुंची. फिलहाल, मामला जांच का विषय है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours