झारखंड में बीजेपी अब लोगों तक पहुंचने के लिए पदयात्रा करेगी. हर विधानसभा क्षेत्र में 150 किलोमीटर की पदयात्रा होगी. रांची में पार्टी की बैठक में मिशन 2019 के मद्देनजर ये फैसला लिया गया. इसके अलावा पार्टी की छवि को खराब करने वाले विधायक ढुल्लू महतो और सांसद रवींद्र पांडेय को शोकॉज किया जाएगा.

मिशन-2019 की तैयारियों को लेकर झारखंड भाजपा की एक बैठक रांची में हुई. इसकी अध्यक्षता लक्ष्मण गिलुआ ने की. भाजपा के लिए सांगठनिक रूप से बूथ कमिटी की तैयारी महत्वपूर्ण है. इसलिए कमिटी बनाने पर सबसे अधिक जोर है. अब तो कमिटी भी फोटोयुक्त होनी चाहिए. यह काम नया चल रहा है. इसकी मुख्य रूप से समीक्षा हुई है. बैठक में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, अनंत ओझा भी थे. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में लगभग 150 किलोमीटर की पदयात्रा निकलेगी. कोशिश होगी कि प्रत्येक बूथ को टच किया जाए. इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा.

झारखंड में भाजपा सबसे बडी पार्टी है. यहां 29 हजार 523 बूथ हैं. इनमें से पहले तो 25 हजार बूथ कमिटी बन गई है. अब चूंकि फोटोयुक्त बूथ कमिटी की सूची सौंपनी है, तो इसके लिए फिर से कवायद चल रही है.

बैठक के फैसले

1.सभी बूथ पर कमिटी बनाने का काम पूरा हो जाना चाहिए
2.बूथ कमिटी के सदस्यों की सूची फोटो सहित बना लें
3.प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विधायक व सांसद के नेतृत्व में पदयात्रा
4.केंद्र की 100 से अधिक व राज्य की 50 से अधिक योजनाओं को लोगों तक जानकारी पहुंचाने का लक्ष्य

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने कहा कि बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो और गिरिडीह सांसद रवींद्र पांडेय को शोकॉज किया जाएगा. आरोपों की जांच के लिए प्रदेश स्तर पर एक कमिटी बनेगी. दोनों नेताओं पर धनबाद में दो अलग-अलग महिलाओं ने छेड़खानी व शारीरिक शोषण के आरोप लगाये हैं. इस सिलसिले में केस भी दर्ज कराये गये हैं.

बैठक में कोलेबिरा उपचुनाव के लिए सिमडेगा जिला इकाई को तैयार रहने को कहा गया है. इस बैठक में जिला अध्यक्ष, लोकसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक और प्रदेश पदाधिकारी भी शामिल हुए.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours