धनबाद के बाघमारा से दबंग बीजेपी विधायक ढुल्लू महतो पर पार्टी की एक महिला नेत्री ने छेड़खानी करने का गंभीर आरोप लगाया है. इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर नेत्री ने कतरास थाने में आत्मदाह की कोशिश की. भाजपा नेत्री बाइक से थाने पहुंची और बदन पर किरासन उड़ेलकर आग लगाने की कोशिश की. लेकिन पुलिसवालों ने उसे एेसा करने से रोक लिया.

पीड़िता ने कहा कि ढुल्लू महतो के दबाव में आकर पुलिस आरोपी अयोध्या ठाकुर को गिरफ्तार नहीं कर रही है. ढुल्लू महतो पर भी उसने कई गम्भीर आरोप लगाए हैं. इस मामले में पीड़िता ने कुछ दिन पूर्व विधायक ढुल्लू महतो के करीबी अयोध्या ठाकुर पर यौन शोषण का आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी. लेकिन पुलिस के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गयी. बतौर पीड़िता केस को मैनेज करने के लिए उसपर  दबाव बनाया गया.

भाजपा नेत्री के इन आरोपों से धनबाद की सियासत गर्म हो गई है. बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो ने पीड़िता के आरोपों को बेबुनियाद बताया है. भाजपा सांसद पीएन सिंह और जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह का कहना है कि उन्हें इस मामले में कोई जानकारी नहीं है. मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण धनबाद पुलिस भी फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours