झारखंड के दुमका में अपराधियों ने बैंक डकैती की बड़ी घटना को अंजाम दिया. छह नकाबपोश अपराधी बैंक पहुंचे और हथियार के बल पर कर्मचारियों को बंधक बनाकर 32 लाख रुपये लूट लिए. घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी राज कुमार लकड़ा मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की.

दुमका- भागलपुर रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में डकैती की इस घटना को शाम चार बजे के करीब अंजाम दिया गया. कर्मचारियों के मुताबिक दो बाइक पर सवार होकर 6 अपराधी बैंक पहुंचे. सभी नकाब पहने हुए थे. बैंक के अंदर घुसकर अपराधियों ने पहले कर्मियों को एक कमरे में बंद कर दिया और फिर कैश काउंटर से 32 लाख रुपये लूटकर फरार हो गये.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन में जुटी है. डीआईजी राज कुमार लकड़ा ने शाखा पहुंचकर कर्मचारियों से जानकारी ली है. पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी के फुटेज को खंगाल रही है. बता दें कि डकैती की ये बड़ी वारदात तब हुई है, जब सीएम रघुवर दास दुमका में मौजूद थे.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours