झारखंड में सिमडेगा जिले की कोलेबिरा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव से पूर्व कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक नियेल तिर्की को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. शुक्रवार को ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने महागठबंधन से अलग होकर अपना उम्मीदवार खड़ा करने की घोषणा की थी. इसके पश्चात यह माना जा रहा था कि नियेल तिर्की कांग्रेस के उम्‍मीदवार होंगे. उनकी दावेदारी काफी मजबूत मानी जा रही थी.

इसके बाद नियेल तिर्की ने शुक्रवार को ही नामांकन पत्र खरीदा था. कोलेबिरा जाने के क्रम में सदर थाना प्रभारी राजेन्द्र महतो ने खूंटीटोली के समीप उन्‍हें गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उन्हें सीजेएम मधुरेश कुमार वर्मा की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

विदित हो कि पूर्व विधायक और उनके पुत्र विशाल तिर्की पर बिजली विभाग के जेई से मारपीट का मामला दर्ज है. इसके तहत नियेल तिर्की की गिरफ्तारी की गई है. हालांकि विशाल तिर्की अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है. वैसे विशाल तिर्की नामांकन पत्र खरीदने अपने पिता नियेल तिर्की के साथ गए थे.

इधर पूर्व विधायक नियले तिर्की ने गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित करार दिया है. वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के उम्मीदवार को लेकर चर्चा का बाजार काफी गर्म हो गया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours