झारखंड के रांची के सुखदेव नगर इलाके से अगवा बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया. इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तीन अन्य संदिग्धों से पूछताछ चल रही है. बच्चे को छोड़ने के लिए अपहरणकर्ताओं ने परिवारवालों से 40 लाख रुपया फिरौती मांगी थी.
24 दिसम्बर को सुखदेव नगर थाना इलाके के गंगानगर से सात वर्षीय बच्चा कृष्ण मिश्रा का अपहरण हो गया था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बच्चे की रिहाई में जुट गई. पुलिस की दबिश की वजह से तुपुदाना कर्रा के चितवादाग इलाके से बच्चे की सकुशल बरामदगी हो पाई.
बच्चे के पिता पेशे से कॉन्ट्रैक्टर हैं और उन्हीं के एक कर्मचारी शिवानंद उरांव ने अपहरण की घटना को अंजाम दिया. इसके लिए उसने अपने कुछ सहयोगियों की मदद ली. अपहरण के बाद पिता छत्रपाल मिश्रा को मोबाइल पर 40 लाख रुपये की फिरौती का कॉल आया था.
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है. बच्चे को अस्पताल ले जाया गया है. मामले की जानकारी देते हुए रांची एसएसपी अनीस गुप्ता ने कहा कि तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है. तुपुदाना इलाके से बच्चे की बरामदगी हुई.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours