रांची का मांडर इलाका ट्रिपल मर्डर से दहशत में है. पुलिस के मुताबिक मांडर के नगड़ा में मवेशी द्वारा फसल खाने के विवाद में पहले एक शख्स ने दो लोगों की हत्या कर दी. फिर गांववालों ने उस शख्स को पकड़कर मार डाला. घटना रविवार शाम की है.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस नगड़ा गांव पहुंची और तीनों लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि फसल खाने के विवाद में रौशन उरांव ने पहले शुका और दीबा उरांव को मार डाला. बाद में ग्रामीणों ने रौशन की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक रौशन मानसिक रूप से कमजोर था.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेत में लगे फसल को खाने से नाराज रौशन उरांव ने शुका उरांव के पशु को पकड़ कर घर ले आया. जिसको लेकर विवाद शुरू हुआ. बाद में मानसिक रुप से विक्षिप्त रौशन उरांव ने दीबा उरांव और शुका उरांव की कुल्हाड़ी से वारकर हत्या कर दी. देर शाम हुई इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रौशन उरांव की भी पीट-पीट कर हत्या कर दी. रौशन उरांव नगड़ा पंचायत के मुखिया का देवर था.

पुलिस ने इस सिलसिले में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी. दूसरी ओर इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने इस मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours