पाकुड़ पुलिस ने मजदूरों को अवैध तरीके से बंग्लादेश ले जाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया. साथ ही इसके दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को इनके पास से एक 9 एमएम का पिस्टल बरामद हुआ है. ये लोग 14 मजदूरों को बंग्लादेश ले जा रहे थे.

एसपी शैलेन्द्र प्रसाद वर्णवाल को गुप्त सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल के मालदा के कलियाचक निवासी अब्दुल कादीर और मंटू शेख पहाड़िया समुदाय के 14 मजदूरों को बंग्लादेश ले जा रहा है. इसी सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की और 14 मजदूरों को बरामद किया. साथ ही मानव तस्करी के आरोपी अब्दुल कादीर और मंटू शेख को गिरफ्तार भी कर लिया.

एसपी ने बताया कि धराये गये दोनों आरोपियों का इतिहास खंगाला गया तो पाया कि ये लोग पूर्व में भी कई मजदूरों को बंग्लादेश ले जा चुके हैं. बतौर एसपी इस मामले की गहनता से छानबीन होगी. एसपी ने बताया कि इन मजदूरों को दस हजार रुपये प्रति माह देेने का वादा किया गया था. और अग्रिम राशि रास्ते में देने की बात कही गई थी.

मजदूरों के मुताबिक उन्हें यह नहीं बताया गया था कि कहां काम पर रखा जायेगा. पुलिस के मुताबिक इन मजदूरों को पश्चिम बंगाल के कलियाचक के रास्ते नदी पार करवा बंग्लादेश ले जाने की योजना थी. वहां जाने के बाद वापस आने की संभावना काफी कम होती है. एसपी ने कहा कि मामले की तहकीकात के लिए भारत सरकार को पत्र लिखा जायेगा.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours