झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों ने एक बार फिर तांडव मचाया है. पंडरा थाना क्षेत्र के बजरा में दो बाइक सवार अपराधियों ने होटल व्यवसायी सामी मुंडा को सरेआम गोली मार दी और फरार हो गए.
अपराधियों ने घटना को अंजाम देकर पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़ा कर दिया है.
अपराधियों पर नकेल कसने का दावा भले ही रांची पुलिस करती हो मगर सच्चाई कुछ और ही है. पंडरा थाना क्षेत्र के बजरा में रविवार सुबह हुई घटना ने पुलिस की कार्यशाली पर सवाल खड़ा कर दिया है. मिली जानकारी के अनुसार दो बाइक सवार अपराधियों ने होटल व्यवसायी सामी मुंडा को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की. घटना के बाद गंभीर रूप से घायल सामी मुंडा को देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामी मुंडा घटना के समय होटल के लिए मारुति 800 से पानी लेने जा रहे थे. उसी वक्त मोटरसाइकिल से पीछा कर रहे अपराधियों ने सामी मुंडा पर फायरिंग की. इस हमले में दो गोली उनके गर्दन के पास लगी है. घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है. अन्य आपराधिक घटनाओं की तरह पुलिस की छानबीन भी शुरू हो गई है.
लेवी से लेकर जमीन कारोबार पर भी पुलिस की नजर है. पुलिस इसे खंगालने में लगी हुई है. पुलिस पदाधिकारियों की मानें तो जमीन विवाद भी घटना का कारण हो सकता है, क्योंकि सामी मुंडा जमीन
का भी कारोबार करता है. व्यावसायिक गतिविधि के लिए राजधानी रांची का पंडरा इलाका लाइफ लाइन के रूप में जाना जाता है. जाहिर तौर पर ऐसे स्थान पर सरेआम अपराधियों द्वारा तांडव मचाना पुलिस पर सवालिया निशान लगाता है. हालांकि पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही अपराधी उनकी गिरफ्त में होंगे और घटना के कारणों का खुलासा कर दिया जाएगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours