झारखंड की राजधानी रांची का सुसाइड पॉइंट हरिओम टावर एक बार फिर सुर्खियों में है. रविवार सुबह फिर एक महिला ने  इस मार्केटिंग कॉम्‍प्‍लेक्‍स के छठे माले से कूदकर जान दे दी. महिला का नाम रत्ना धीर बताया जा रहा रहा है, जो पंडरा थाने के बाजरा इलाके की रहने वाली थी.

महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट शनिवार को ही पंडरा थाने में दी गई थी और परिजन भी महिला की खोजबीन में जुटे थे लेकिन रत्ना मिली भी तो मौत के आगोश में लिपटी. परिजनों की मानें तो रत्ना डिप्रेशन में थी. शादी के सात साल गुजर जाने के बाद भी बच्चा न होने की कसक उसमें थी, जिस कारण वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी.

हरिओम टावर के सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि सुबह कोचिंग के लिए पहुंचे युवकों ने महिला को देखा था, लेकिन किसी के कुछ सोचने से पहले ही उसने छलांग लगा दी. परिजन का कहना है कि रत्ना काफी परेशान थी और उसी परेशानी की वजह से उसने ये कदम उठाया है.

मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया और परिजनों की जानकारी के अनुसार ये आत्महत्या ही प्रतीत हो रही है और इसके पीछे डिप्रेशन की बात भी सामने आ रही है. बावजूद मामले की तफ्तीश के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours