मुख्यमंत्री रघुवर दास दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को दुमका पहुंचे. यहां रामगढ़ प्रखंड के कड़बिन्धा गांव में जनचौपाल लगाया. इस दौरान सीएम ने आम जनता से सीधा संवाद किया. ग्रामीणों की समस्या से अवगत हुए और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया.

सीएम रघुवर दास ने जेएमएम के गढ़ में सोरेन परिवार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि एसपीटी एक्ट का सबसे ज्यादा उल्लंघन सोरेन परिवार ने किया. जब संताल परगना में जमीन की खरीद-बिक्री प्रतिबंधित है, तो सोरेन परिवार ने कैसे इतने जगहों पर जमीन खरीदा.

सीएम ने कहा कि 14 वर्षों तक सभी विपक्षी पार्टियों ने मिलकर झारखंड को लूटने का काम किया. राज्य को चारागाह बना कर रख दिया. लेकिन बीते चार साल में बीजेपी ने विकास के नये आयाम गढ़े हैं. सीएम ने एेलान किया कि दिसंबर तक दुमका के 25 हजार घरों में बिजली पहुंच जाएगी. अगस्त 2019 तक सभी गांवों में 24 घंटे बिजली होगी. तीन फीडर बनेगा. किसान, उद्योग और जनता के लिए अलग-अलग फीडर होंगे.

बतौर मुख्यमंत्री 67 हजार आदिम जनजाति परिवारों को बिरसा आवास बनाकर सरकार देगी. चार महीने में इनके घरों तक पानी पहुंचेगा. संबोधन के बाद सीएम ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के द्वारा लगाये गये स्टाल का भी निरीक्षण किया. छह दिव्यांगों को सम्मानित भी किया.

जनचौपाल के बाद सीएम रामगढ़ के महुबन्ना गांव में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मलेन में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने 270 बीजेपी कार्यकर्ता को मिशन 2019 को लेकर टिप्स दिया. इस दौरान कल्याण मंत्री लुइस मरांडी और संगठन महामंत्री धर्मपाल भी मौजूद रहे. सीएम ने कहा कि भाजपा ने अलग झारखंड राज्य दिया, इसलिए भाजपा को दर्द का एहसास है. संताल परगना को जेएमएम मुक्त बनाना है.

बतौर सीएम वोट बैंक की राजनीति में ना तो आदिवासियों का विकास हुआ और ना ही अल्पसंख्यकों का. जबकि भाजपा सबका साथ और सबका विकास की राजनीति करती है. सीएम ने एेलान किया कि बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं को पहचान पत्र दिया जाएगा.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours