झारखंड के धनबाद शहर में नवनिर्माण संघ के रोहडाबांध कार्यालय के पास अज्ञात बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी. फायरिंग में धनबाद नवनिर्माण संघ के अध्यक्ष वेद प्रकाश ओझा बाल-बाल बच गए. फायरिंग के बाद रोहडाबांध इलाके में व्यापारियों ने सभी प्रतिष्ठान बंद कर दिए. सूचना के बाद डीएसपी प्रमोद कुमार केसरी सिंदरी थाना प्रभारी अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से कारतूसों के खाली खोल भी बरामद किए हैं. मामले में वेद प्रकाश ओझा ने बताया कि बदमाशों ने करीब 10 राउंड फायर किए थे. पुलिस मामले की जांच में जुए गई है.
घटना की सूचना देते हुए नवनिर्माण संघ के अध्यक्ष वेद प्रकाश ओझा ने बताया कि दो बाइक पर सवार छह नकाबपोश बदमाश उनके कार्यालय आए और उनकी तलाश करने लगे. उन्होंने बताया कि वे कार्यालय में कुछ आवश्यक कार्य कर रहे थे और कार्यकर्ताओं के कहने पर वे कार्यालय से बाहर निकले. उनके बाहर आते ही बदमाशों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया और करीब आठ से दस राउंड फायर किए. हालांकि घटना में वेद प्रकाश ओझा बाल-बाल बच गए हैं.
मामले में घटनास्थल पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचे डीएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि मौके से पुलिस को कारतूसों के खाली खोल बरामद किए गए हैं. पुलिस आस-पास के सीसीटीवी और लोगों से पूछताछ कर रही है और फायरिंग किसने की है इसका पता लगाया जा रहा है. आपको बता दें कि इससे पहले निजी कोचिंग संचालक रंजीत कुमार सिंह पर भी अज्ञात लोगों ने फायरिंग की थी, जिसका पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है. सिंदरी में दहशत फैलाने वाली यह दूसरी घटना है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours