झारखंड की रांची पुलिस ने प्यार, हत्या और कब्र की गुत्थी को सुलझा लेने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी अनमोल वर्मा को शक था कि अनुराग और सिल्की उसकी प्रेमिका को उससे दूर करना चाहते हैं. इस कारण से बदले की आग में जल रहे अनमोल ने उन दोनों की चाकू गोदकर हत्या कर दी और लाशों को कब्र खोदकर गाड़ दिया.

सिटी एसपी सुजाता वीणापानी के मुताबिक 11 जनवरी की रात को आरोपी अनमोल ने दो साथियों के साथ मिलकर अनुराग की हत्या कर दी और शव को राजधानी के रातू रोड कब्रिस्तान में गाड़ दिया. 12 जनवरी को पुलिस ने कब्र खोदकर उसके शव को बाहर निकाला. इस सिलसिले में पुलिस ने पहले नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. उसी की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी अनमोल वर्मा को गिरफ्तार किया.

बतौर एसपी पूछताछ में अनमोल ने बताया कि उसने 27 दिसम्बर की रात को सिल्की गुरुंग की हत्या कर दी थी और उसके शव को भी उसी कब्रिस्तान में गाड़ दिया था. सिल्की, अनुराग और अनमोल आपस में जान-पहचान वाले थे. सिल्की के शव को पुलिस ने सोमवार को कब्र से बरामद किया.

पुलिस को अनुराग की हत्या के मामले में एक, जबकि सिल्की मर्डर मामले में दो आरोपियों की तलाश है. कुल मिलाकर दोनों मामलों में छह आरोपी हैं, जिनमें से एक नाबालिग है. पुलिस ने दोनों हत्याओं में इस्तेमाल हुए दो चाकू और आरोपी के खून से सने कपड़े को बरामद कर लिया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours