झारखंड के कोल्हान विश्वविद्यालय के चाईबासा के टाटा कॉलेज और चक्रधरपुर के जवाहर लाल नेहरू कॉलेज में बीएड की पढ़ाई बंद किए जाने से छात्रों में भारी नाराजगी है. छात्रों की नाराजगी को देखते हुए झामुमो ने इस मुद्दे को आंदोलन का रूप देने की चेतावनी दी है, साथ ही झामुमो विधायक शशिभूषण सामड ने आगामी विधानसभा के बजट सत्र में जोरदार ढंग से इस मुद्दे को उठाने की भी घोषणा की है.
झामुमो विधायक ने इस मुद्दे को लेकर कोल्हान विश्वविद्यालय के कई अधिकारियों से मुलाकात भी की, लेकिन नतीजा सकारात्मक नहीं मिला, इस मुद्दे पर कोल्हान विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कहा कि मामला गंभीर है इसलिए वे लोग अकेले फैसला नहीं ले सकते हैं.
छात्रों के मुताबिक चाईबासा और चक्रधरपुर के दोनों कॉलेज में दो साल से बीएड की पढ़ाई बंद कर दी गई है, जिससे सैकडों छात्रों का बीएड में नामांकन नहीं हो पा रहा है, साथ ही कोल्हान विश्वविद्यालय ने कई निजी कॉलेजों को बीएड पढ़ाई की मान्यता दे दी है और वहां भारी फीस लेकर बीएड में नामांकन किया जा रहा है, जिससे गरीब छात्र वंचित है.
विधायक और झामुमो ने आरोप लगाया कि सरकार और कोल्हान विश्वविद्यालय एक साजिश के तहत सरकारी कॉलेजों में बीएड की पढ़ाई बंद कर निजी कॉलेजों को बढ़ावा दे रहे है, जो कोल्हान के गरीब आदिवासी छात्रों के साथ मजाक है, इसके खिलाफ झामुमो जोरदार आंदोलन करेगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours