उग्रवाद के खिलाफ दुमका पुलिस को मंगलवार को फिर बड़ी सफलता हाथ लगी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने काठीकुंड़ थाना क्षेत्र के छोटा चापुड़िया गांव के समीप जंगल में छापा मारा. वहां से पुलिस ने नक्सलियों द्वारा बड़ी मात्रा में छिपाकर रखे तबाही के सामान को बरामद किया. पुलिस को मौके से लगभग 500 राउंड जिंदा कारतूस, 100 किलोग्राम विस्फोटक, एक वॉकी-टॉकी, काफी संख्या में नक्सली साहित्य बरामद हुआ है. जिला पुलिस और एसएसबी के संयुक्त आपरेशन में यह सफलता हाथ लगी है. एसपी वाईएस रमेश ने इसकी जानकारी दी. शायद नक्सलियों को भी पुलिस की भनक लग गई और वह घने जगंलों में भाग निकले.
एसपी ने कहा कि नक्सली लोकसभा चुनाव में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं लेकिन पुलिस उनके मंसूबे कामयाब नहीं होने देगी. एक महीने के भीतर पुलिस की यह चौथी सफलता है. विदित हो कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान नक्सली ने शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में पोलिंग पार्टी पर हमला कर दिया था, जिसमें मतदान कर्मी सहित सुरक्षा बल जवान भी शहीद हो गए थे. वैसे भी लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से बहुत पहले से पुलिस ने अपनी रणनीति नक्सलवादी संगठनों के खिलाफ तैयार कर ली थी, जिसका फायदा अब मिल रहा है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours