न्यूजीलैंड में क्राइस्टचर्च की अल-नूर मस्जिद में हुए आतंकी हमले में जमशेदपुर के मो शमीम सिद्दीकी घायल हो गये. उनके बाएं कंधे में गोली लगी है. हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है. सिद्दिकी जमशेदपुर के बारीनगर के रहने वाले हैं. क्राइस्टचर्च में उनका होटल सर्विस का काम चलता है.
शुक्रवार को हमले के दौरान जान बचाने के लिए भागने के दौरान सिद्दिकी को गोली लगी. जिसके बाद उन्हें क्राइस्ट चर्च अस्पताल में भर्ती कराया गया. ऑपरेशन कर गोली निकाली गई. उनकी हालत खतरे से बाहर है. घटना की जानकारी मिलते ही जमशेदपुर स्थित रिश्तेदारों में चिंता पसर गई. मानगो में रहने वाले रिश्तेदार लगातार सिद्दिकी से संपर्क में हैं.
घटना के कुछ देर बार सिद्दिकी के 13 साल का बेटा मो सेयान भी नमाज पढ़ने मस्जिद पहुंचा था. लेकिन तबतक गोलीबारी बंद हो चुकी थी. इसलिए वह भी बच गया. रिश्तेदारों ने बताया कि मो शमीम टेल्को के बारीनगर में रहते थे और टाटा मोटर्स में काम करते थे. होटल मैनेजमेंट करने के बाद वह 20 साल पहले न्यूजीलैंड चले गये. वहां होटल सर्विस का काम करने लगे. सिद्दिकी ने न्यूजीलैंड की नागरिकता ले ली है. पत्नी, पुत्र और पुत्री के साथ क्राइस्ट चर्च में रहते हैं. मस्जिद से कुछ ही दूरी पर घर है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours