रांची। झामुमो के राजू वर्मा समेत कई अन्य दलों व संगठनों से जुड़े हुए लोगों ने रविवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा व नगर विकास मंत्री सीपी सिंह की उपस्थिति में इन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई गई। भाजपा के इस मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने झामुमो पर निशाना साधा। कहा, आदिवासी की जमीन लूटने वाले आज उनके हितैषी बनने का ढोंग कर रहे हैं।
झामुमो परिवार की राजनीति बचाए रखना चाहता है। उसे राज्य के विकास एवं आदिवासियों के विकास से कुछ भी लेना देना नहीं है। झामुमो के इस व्यवहार से खुद उसके कार्यकर्ता क्षुब्ध हैं। नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि अब देश में न वंशवाद चलेगा और न परिवारवाद। यह देश केवल अब राष्ट्रवाद पर चलेगा। उन्होंने झामुमो छोड़कर भाजपा में आए कार्यकर्ताओं का माला पहनाकर स्वागत किया।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours