बेरमो। झारखंड के बेरमो स्थित नक्सल प्रभावित क्षेत्र चतरोचट्टी क्षेत्र में युवती को शुक्रवार रात दस लोगों ने घर से अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती ने चतरोचट्टी थाना में शिकायत की है। पुलिस नरकंडी गांव के दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

युवती ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह घर पर थी। इसी दौरान घर का दरवाजा खटखटाया गया। दरवाजा खोला तो सामने दस युवक थे। ये तुरंत घर के अंदर आ गए। इन्होंने परिजनों को घर के ही एक कमरे में जबरन बंद कर दिया। इसके बाद सभी युवक उसे उठाकर पास के जंगल में ले गए। वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। रात करीब तीन बजे ये लोग उसे वापस घर छोड़ गए। बदहवास युवती ने रोते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी।

शनिवार सुबह थाना पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी मिलने पर बेरमो एसडीपीओ आर रामकुमार, पुलिस इंस्पेक्टर राधेश्याम दास व चतरोचट्टी थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours