देवघर के दिघरिया पहाड़ में एक बायो डाइवर्सिटी पार्क का निर्माण कराया जाएगा. स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे और स्थानीय विधायक नारायण दास ने इसका शिलान्यास किया. 700 हेक्टेयर में फैले इस पहाड़ी के 80 हेक्टेयर क्षेत्र को इसके लिए चिह्नित किया गया है. तीन साल में पूरी होने वाली इस योजना पर लगभग 18 करोड़ की धनराशि खर्च होगी. इसमें से फिलहाल 7.5 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है. मौके पर बोलते हुए स्थानीय सांसद ने कहा कि इस पहाड़ी पर बायो डाइवर्सिटी पार्क बन जाने से एक तो यहां की वन संपदा की सुरक्षा होगी, साथ ही यह जगह पर्यटन केंद्र के रुप में भी विकसित हो सकेगी. सांसद ने कहा कि बिहार से सटा यह क्षेत्र नक्सली गतिविधियों से जुड़ा रहा है. यहां बायो डाइवर्सिटी पार्क बन जाने से इस समस्या से भी क्षेत्र को निजात मिल जाएगी.

इस मौके पर मौजूद देवघर विधायक नारायण दास ने कहा कि दिघरिया पहाड़ स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्रांतिकारियों का मुख्य केंद्र रहा है. ऐसे में इसे एक राष्ट्रीय स्मारक पार्क के रुप मे विकसित करने की भी मांग सरकार से की जाएगी. विदित हो कि प्रदेश सरकार के केंद्र के प्रतिनिधि यानि सांसद कोई कमी कसर लोकसभा चुनाव से पहले नहीं छोड़ना चाहते हैं. विशेषकर भाजपा के सांसद इस पर विशेष ध्यान दे रहे हैं कि जब वह जनता के बीच वोट मांगने जाएं तो उनके पास गिनाने के लिए उपलब्धियां और सेवा कार्य हों.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours