गिरिडीह शहर के झंडा मैदान में जेएमएम का 46 वां स्थापना दिवस समारोह मनाया गया. इसमें पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शिरकत की. उन्होंने कहा कि राज्य में मतों के बिखराव को रोकने के लिए महागठबंधन का होना जरुरी है. महागठबंधन नहीं होने पर पार्टी निर्णय लेगी कि वे कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने अपने भाषण के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि झारखंड में बीजेपी का चेहरा बेनकाब हो चुका है. राज्य की बिजली बंगलादेश को, पानी बिहार को और नौकरियां दूसरे राज्यों को दी जाएंगी.
हेमंत सोरेन ने गिरिडीह में कहा कि यहां के लोगों को विस्थापन, पलायन और बेरोजगारी मिलेगी, जैसा अब तक मिले हैं. सभा को पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी, पूर्व मंत्री मथुरा महतो, पूर्व मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल, विधायक जगरनाथ महतो, पार्टी नेत्री कर्मिला टुडू ने भी संबोधित किया. इससे पूर्व जिले के विभिन्न प्रखंडों से पार्टी कार्यकर्ता परंपरागत तरीके से भारी संख्या में झंडा मैदान पहुंचे. विदित हो कि कई माह से चल रही झारखंड मुक्ति मोर्चा की संघर्ष यात्रा भी कल समाप्त हुई है. इस यात्रा के माध्यम से हेमंत सोरेन ने राज्य की लगभग सभी लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर जनता को संबोधित किया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours