झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने झारखंड की चार सीटों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है. दुमका से शिबू सोरेन, गिरिडीह से जगन्नाथ महतो, जमशेदपुर से चंपई सोरेन और राजमहल से विजय हांसदा को मैदान में उतारा गया है. इनमें से दुमका से शिबू सोरेन और राजमहल से विजय हांसदा सीटिंग सांसद हैं.

रांची स्थित जेएमएम कार्यालय में पार्टी महासचिव विनोद पांडेय ने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की. उन्होंने कहा कि ये सभी उम्मीदवार संबंधित सीटों पर महागठबंधन के उम्मीदवार होंगे. बता दें कि जेएमएम झारखंड में महागठबंधन के तहत कांग्रेस, आरजेडी और जेवीएम के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ रहा है. महागठबंधन के तहत पार्टी को चार सीटें मिली हैं.

जेएमएम महासचिव सुप्रीयो भट्टाचार्य ने कहा कि जेएमएम झारखंड के अलावा बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी लोकसभा चुनाव लड़ेगा. बिहार में 4, ओडिशा में एक और पश्चिम बंगाल की दस सीटों के लिए भी प्रत्याशियों का ऐलान किया गया. ओडिशा में जेएमएम ने पांच विधानसभा सीटों पर भी उम्मीदवार उतारे हैं. पार्टी वहां कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours