झारखंड के धनबाद में कांग्रेस के अंदर फिलहाल कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है. पार्टी में भीतरघात का खतरा मंडराने लगा है. चर्चित क्रिकेटर कीर्ति आजाद को धनबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने के बाद धनबाद कांग्रेस में पार्टी के अंदर अंतर्कलह खुल कर सामने आ गए हैं.
शुक्रवार को कीर्ति आजाद के धनबाद पहुंचने पर कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने काला झंडा दिखाकर उनके उम्मीदवारी का विरोध किया था. इधर धनबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह द्वारा पांच कार्यकर्ताओं को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किए जाने पर कांग्रेस के वरीय नेता सह पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे ने सवाल खड़ा किया है और इसे गलत कार्रवाई बताया है.
वहीं, दर्द बयां करते हुए ददई दुबे ने धनबाद लोकसभा से उनकी टिकट कटवाने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार सहित प्रदेश के कुछ नेताओं को जिम्मेवार ठहराया है. ददई के अनुसार कीर्ति आजाद मजबूरी में धनबाद आए. पार्टी के कुछ लोगों ने सब्जबाग दिखाकर यहां लाया.
स्टार प्रचारकों के 40 लोगों की सूची में अपना नाम नहीं शामिल होने पर सवाल उठाते हुए ददई ने कहा कि मैं प्रचार कैसे करूं, जब मुझे इस लायक नहीं समझा गया. न्यूज18 से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कीर्ति के हार का ठीकरा मेरे सर फोड़ा जाएगा. इसलिए मै कीर्ति के चुनाव प्रचार से दूर रहूंगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours