दुमका लोकसभा सीट पर महागठबंधन का प्रत्याशी घोषित होने के बाद पहली बार जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन बुधवार को दुमका पहुंचे. हवाईअड्डे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. हवाईअड्डा से वे खिजूरिया स्थित अपने आवास के लिए रवाना हो गये.

आवास पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि दुमका में कोई मोदी मैजिक काम नहीं करेगा. यहां के लोग शिबू सोरेन को जानते हैं, ना कि नरेंद्र मोदी को. कभी उनके शिष्य रहे और वर्तमान में दुमका से भाजपा प्रत्याशी सुनील सोरेन को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि शिबू और सुनील सोरेन में बहुत फर्क है.

40 वर्षों से क्षेत्र में काम नहीं करने के भाजपा के आरोपों को नकारते हुए जेएमएम अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा क्या काम किया है, यह भी बताए. सीएनटी- एसपीटी एक्ट के उल्लंघन के आरोप पर उन्होंने कहा कि सत्तापक्ष इसका प्रमाण दे. उन्होंने कहा कि जमीन बचाने के लिए जनता जाग चुकी है. सिर्फ जमीन ही आदिवासी के पास है, जिसके सहारे वे जिंदा हैं. शिबू सोरेन ने अपनी जीत का दावा किया.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours