लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड में चुनावी प्रचार का आगाज कर दिया है. उन्होंने रांची में एयरपोर्ट से लेकर बिरसा चौक तक रोड शो किया. इस दौरान हजारों की संख्या में लोग पीएम का अभिवादन करते नजर आए. उनपर फूलों की बारिश की. खुली जीप में पीएम सबका अभिवादन स्वीकार करते दिखे. ढाई किलोमीटर के इस रोड शो में आधे धंटे से ज्यादा का वक्त लगा.
बिरसा चौक पहुंचने पर पीएम ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस दौरान उनके साथ सीएम रघुवर दास भी थे. रोड शो के दौरान सीएम रघुवर दास और चुनाव प्रभारी मंगल पांडेय पीएम की गाड़ी के आगे- आगे पैदल चलते नजर आए. रोड शो के बाद पीएम का काफिला अरगोड़ा, हरमू रोड होते हुए राजभवन पहुंचा. राजभवन में ही पीएम रात्रि विश्राम करेंगे. बुधवार को दिन के 10:50 बजे रांची से लोहरदगा पहुंचेंगे. वहां वे केन्द्रीय मंत्री और बीजेपी प्रत्याशी सुदर्शन भगत के पक्ष में चुनावी सभा करेंगे.
रोड शो में मौजूद लोगों ने कहा कि उनका प्रधानमंत्री प्योर है. देश को मोदी जैसे पीएम की जरूरत है. पीएम के रोड शो को लेकर सुरक्षा के काफी सख्त इंतजाम किये गये थे. रोड शो वाली रूट को बंद कर दिया गया था. ये पहला मौका था, जब पीएम मोदी झारखंड में रोड शो कर रहे थे. इस रोड शो का रांची से बीजेपी प्रत्याशी संजय सेठ को फायदा मिल सकता है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours