झारखंड के देवघर के कुछ युवाओं ने पिछले कुछ माह से सदर अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों के परिजनों को रात का भोजन कराने का बीड़ा उठाया है. इसके लिए रोटी बैंक के जरिये युवकों द्वारा रोटी इकट्ठा कर रात में असहाय मरीज़ के परिजनों को भोजन कराया जा रहा है. चुनावी माहौल में अपना नागरिक कर्तव्य निभाते हुए ये युवक भोजन कराने के साथ ही मरीज के परिजनों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित कर रहे है. वहीं इनके इस अभियान की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है.

दरअसल देवघर के कुछ युवकों ने देवघर सदर अस्पताल में इलाज कराने आए मरीज के परिजनों को रात में भोजन कराने का फैसला लिया है. इसके लिए युवकों द्वारा रोटी बैंक संचालित कर भोजन इकट्ठा किया जाता है और मरीजों के परिजनों को रात्रि में मुफ्त भोजन कराया जाता है. खास बात है कि ये युवा इस नेक कार्य के साथ प्रजातंत्र का सजग प्रहरी होने का कर्तव्य भी बखूबी निभा रहे है. वहीं चुनाव का समय होने के कारण भोजन के साथ मरीज के परिजनों को ये युवक अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं.

शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य तय कर अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से चुनाव आयोग द्वारा स्वीप जैसे कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं, लेकिन देवघर सदर अस्पताल परिसर में रोटी बैंक संचालित कर रहे युवक खुद इसमें अपना हाथ बंटा रहे हैं. हाथों में मतदान करने का बैनर लिए युवकों द्वारा

जागरूकता फैलाने का कार्य किया जा रहा है. युवकों की इस पहल से मरीज के परिजन भी काफी प्रभावित हैं और अपने साथ पास-पड़ोस के लोगों को भी मतदान के दिन साथ लेकर मतदान करने की बात कर रहे हैं. देवघर के इन युवकों ने रोटी बैंक के जरिये लोकतंत्र के इस महापर्व में खुद सहयोग करने का जो निर्णय लिया है उसकी लोग सराहना कर रहे हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours