लोकसभा चुनाव 2019 में प्रचंड बहुमत मिलने के बाद आज (गुरुवार, 30 मई 2019) शाम 7 बजे पीएम नरेंद्र मोदी एक बार फिर शपथ लेंगे. ऐसी चर्चा है कि इस बार मोदी कैबिनेट में 20 से ज्यादा नए चेहरों को जगह मिल सकती है. सूत्रों की माने तो जिन राज्यों में इस वर्ष या अगले वर्ष चुनाव हैं, उन राज्यों से मंत्री चयन को लेकर ज्यादा तवज्जो दी जा सकती है. बता दें कि कि इसी साल झारखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में झारखंड से 3-4 सांसदों को कैबिनेट में जगह दी जा सकती है. इसमें आदिवासी और पिछड़े वर्ग से एक या दो सांसदों को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है.
गलियारे में इनके नामों की हो रही चर्चा
झारखंड बीजेपी में इन दिनों चार नामों की चर्चा जोरों पर हैं. जिन्हें पीएम मोदी के कैबिनेट में जगह मिल सकती है. इस दौर में सुनील सोरेन, अर्जुन मुंडा इस रेस में आगे है. वहीं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी और गोड्डा सांसद निशिकांत दूबे के नाम पर भी चर्चा जारी है. इस बार केंद्रीय कैबिनेट में झारखंड का कोटा बढ़ सकता है. पिछली सरकार में सुदर्शन भगत और जयंत सिन्हा मंत्री थे. इस बार इन दोनों का पत्ता कट सकता है. वहीं पूर्व सीएम और खूंटी सांसद अर्जुन मुंडा को जगह दी जा सकती है. अर्जुन मुंडा को जगह देकर राज्य में एक आदिवासी चेहरा प्रोजेक्ट करने की तैयारी है. इससे आगामी विधानसभा चुनाव में आदिवासी वोटरों को साधने में सहुलियत मिल सकती है.
सुनील के सहारे दुमका को साधने की तैयारी
पूर्व सीएम शिबू सोरेन को मात देकर चर्चा में आए सुनील सोरेन को केंद्रीय कैबिनेट में जगह दी जा सकती है. माना ये जा रहा था कि दुमका में जेएमएम सुप्रीमो और दिशोम गुरू को पटखनी देना आसान नहीं है. ऐसे में बीजेपी दुमका में अपनी स्थिति और मजबूत करने के लिए सुनील सोरेन को कैबिनट में जगह दे सकती है.
अन्नपूर्णा और निशिकांत भी हैं रेस में शामिल
नये चेहरों में कोडरमा में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को हराने वाली अन्नपूर्णा देवी का नाम चर्चा में है. बताया जा रहा है इनको कैबिनेट में जगह देकर झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में महिला वोट को साधने की तैयारी है. वहीं गोड्डा सांसद निशिकांत दूबे को लेकर भी अटकलें लग रही हैं. हालांकि बता दें कि संताल से किसी एक ही सांसद को ही केंद्रीय कैबिनेट में जगह दी जा सकती है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours