झारखंड में अंतिम चरण के लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार थम गया है. शुक्रवार को प्रचार के अंतिम दिन बीजेपी की ओर से पूरी ताकत झोंकी गई. भोजपुरी अभिनेता सह बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने गोड्डा में रोड शो कर पार्टी प्रत्याशी निशिकांत दुबे के लिए वोट की अपील की. हालांकि प्रस्तावित कार्यक्रम के वाबजूद सपना चौधरी इसमें शामिल नहीं हुईं.

रोड शो गोड्डा कॉलेज से कारगिल चौक तक गया. इसमें हजारों की भीड़ शामिल हुई. रोड शो के बाद मनोज तिवारी ने दावा किया कि बीजेपी अपने दम पर तीन सौ से ऊपर और घटक दलों के साथ चार सौ सीटें लाएगी.

वहीं दुमका के रामगढ़ में सीएम रघुवर दास ने पार्टी प्रत्याशी सुनील सोरेन के पक्ष में वोट की अपील की. सीएम ने कहा कि शिबू सोरेन का स्वास्थ्य अब उन्हें दिल्ली भेजने की इजाजत नहीं दे रहा. जेएमएम ने संताली समाज को नशे की आदत दिलाई. सीएम ने कहा कि मसानजोर डैम के कारण डूबा झारखंड, लेकिन फायदा बंगाल और ओडिशा को मिला. इसके लिए जेएमएम और कांग्रेस जिम्मेवार हैं.

आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने गोड्डा के परसपानी मैदान में निशिकांत दुबे के पक्ष में चुनावी सभा की. इस दौरान उन्होंने कहा कि पहली बार देश को एक ऐसा प्रधानमंत्री मिला, जिन्हें गरीबों के रसोईघर तक की चिंता हुई. पहली बार किसी ने गरीबों के सम्मान की बात की.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours