पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने पत्नी गीता कोड़ा के साथ अपने गांव पाताहातु में मतदान किया. पाताहातु सिंहभूम लोकसभा सीट के जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है. गीता कोड़ा महागठबंधन प्रत्याशी के तौर पर सिंहभूम सीट से चुनाव लड़ रही हैं. उनका सीधा मुकाबला बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष व प्रत्याशी लक्ष्मण गिलुवा से है. पूर्व सीएम मधु कोड़ा यहां से एक बार सांसद रह चुके हैं.

मतदान के बाद मधु कोड़ा ने कहा कि जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता वोट कर रही है. उन्होंने अपनी पत्नी गीता कोड़ा की जीत का दावा किया. पिछली बार 2014 में गीता कोड़ा यहां पर लक्ष्मण गिलुवा से हार गई थीं. लेकिन तब गीता कोड़ा अपने पति मधु कोड़ा की जय भारत समानता पार्टी से मैदान में थीं. लेकिन इस बार वह कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं. लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया. लक्ष्मण गिलुवा यहां से दो बार सांसद रह चुके हैं. तीसरी बार के लिए जोर लगा रहे हैं.

झारखंड में आज सिंहभूम समेत चार सीटें, धनबाद, गिरिडीह और जमशेदपुर में भी वोटिंग हो रही है. मतदान को लेकर सुबह से ही बूथों पर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. 9 बजे तक चारों सीट पर औसत 14.44 प्रतिशत वोटिंग हुई है. जमशेदपुर में 17.28, सिंहभूम में 15.15, गिरिडीह में13.94 और धनबाद में 12.08 फीसदी मतदान हुआ है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours