राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव बिहार में जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हैं. इस दौरान वह आरजेडी उम्मीदवार को वोट दिलाने के लिए जनता से इमोशनल अपील करने से भी नहीं चूक रहे. तेजस्वी ने एक रैली में जनता को अपना परिवार बताया.
तेजस्वी यादव ने कहा, 'मेरे पिता जेल में हैं. ऐसे में मेरा घर-परिवार सब आप हीं लोग हैं. यही वजह है कि मैं आपके बीच आया हूं, ताकि आपलोग महागठबंधन प्रत्याशी को जिता कर लालू यादव के साथ हुए अन्याय का बदला ले सके.' इस दौरान तेजस्वी ने महागठबंधन प्रत्याशी ब्रजेश कुश्वाहा को जिताने की अपील भी की.
तेजस्वी ने पश्चिमी चम्पारण लोकसभा क्षेत्र में जनता को संबोधित करते हुए ये बातें कही. उन्होंने कहा, 'भले ही बीजेपी वालों ने साजिश के तहत मेरे पिता लालू प्रसाद यादव को जेल में डाल दिया, लेकिन अभी भी उनका बेटा चट्टान की तरह खड़ा है. मेरे पिता जेल में हैं, अब आप सब लोग ही मेरा परिवार हैं.' तेजस्वी ने कहा कि प्रदेश के जनता मेरे साथ है और मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है.
वहीं, बीजेपी कार्यकर्ताओं पर तंज कसते हुए तेजस्वी यादव ने कहा- 'अगर इस सभा में कोई भाजपाई है और वह खुफिया रिपोर्टिंग करने आया है, तो कान खोल कर सुन लो. जीत तो राजद की ही होगी.'
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा. तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए जनता से कहा, 'पलटू चाचा को भगाओ और बिहार बचाओ.' उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के साथ साथ सुशील कुमार मोदी को भी भगाना होगा.
वहीं, पीएम मोदी के लिए तेजस्वी ने कहा कि देश इस बार बदलाव चाहता है. बदलाव जल्द ही दिख जाएगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours