लातेहार। हिरन थाना क्षेत्र अंतर्गत कसमार गांव में बीती रात 21 वर्षीय युवक की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार चार की संख्या में अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर अपराधी गजेंद्र पासवान के घर पहुंचे और खुद को उग्रवादी संगठन का बताकर दरवाजा खोलने को कहा। लेकिन गजेंद्र ने दरवाजा नहीं खोला और वह अपनी छत पर चला गया और नीचे चार लोगों को हथियारों से लैस होकर देखा तो चोर-चोर बोलकर शोर मचाने लगा।
इसी बीच युवक को लक्ष्य कर एक अपराधी ने गोली चलाई जो सीधे युवक के सीने में लगी। तत्काल गजेंद्र जमीन पर गिर गया। गोली चलने और गिरने की आवाज सुनकर गजेंद्र के भाई सुरेंद्र पासवान बाहर निकलना चाहे लेकिन अपराधियों ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया था। इसके बाद सुरेंद्र दरवाजा तोड़कर बाहर निकले और अपने भाई को इलाज के लिए बालूमाथ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां प्रारंभिक चिकित्सा के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गजेंद्र को रांची रिम्स रेफर कर दिया। लेकिन रिम्स पहुंचने से पूर्व ही रास्ते में गजेंद्र ने दम तोड़ दिया।

रात में ही पहुंची पुलिस, ली मामले की जानकारी
मामले की जानकारी मिलते ही थानेदार नित्यानंद प्रसाद पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली और लोगों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करते हुए गोपनीय सूचनाएं मुहैया कराने का आग्रह किया।
मृतक ट्रैक्टर के जरिये चलाता था आजीविका
मृतक गजेंद्र पासवान के बारे में स्थानीय लोगों ने बताया कि वह काफी मिलनसार स्वभाव का था। बीते कुछ समय से वह किराए पर ट्रैक्टर चलवा कर अपनी जीविका चलाता था। अचानक हुई इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीण स्तब्ध हैं।
नवनिर्मित भवन में हुई घटना
मृतक गजेंद्र का दो घर है। एक घर पर मां पिता रहते हैं। जबकि दूसरे नवनिर्मित भवन में गजेंद्र और उनके बड़े भाई सुरेंद्र रहते थे। मृतक के भाई सुरेंद्र की माने तो उनके भाई की किसी से कोई विवाद या रंजिश जैसी बात कभी सुनने को नहीं मिली थी। बहरहाल मामले को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। घटना को उग्रवादी या अपराधियों ने अंजाम दिया है यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours