झारखंड में बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दो तिहाई सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है. सीएम आवास में आयोजित कार्यक्रम में रघुवर दास ने लोकसभा चुनाव में शानदार जीत के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया, वहीं एसेंबली इलेक्शन की तैयारी में जुटने का आह्वान भी किया. सीएम आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के तमाम सांसदों के साथ ही मंत्री, विधायक, कोर कमिटी सदस्य जुटे थे. वहीं लोकसभा चुनाव प्रभारी, जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष को खासतौर पर बुलाया गया था.
विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान
लोकसभा चुनाव में संथाल का किला भेदने में मिली सफलता से सीएम रघुवर दास काफी उत्साहित है. उन्होंने झामुमो सुप्रीमो की लोकसभा चुनाव में करारी हार पर कहा कि दुमका और अमेठी में वंशवाद की केमेस्ट्री खत्म हो गई है. इसी के साथ ही सीएम ने कार्यकर्ताओं से बिना समय बर्बाद किए विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया. ताकि दो तिहाई बहुमत से अधिक सीट जीतने का संकल्प पूरा हो.
बीजेपी के लिए झारखंड फतह करने की चुनौती
इस अभिनंदन समारोह को संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने भी संबोधित किया. वहीं प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने सभी कार्यकर्ताओं से सिक्सटी प्लस का लक्ष्य लेकर चुनाव तैयारी में जुटने की अपील की. कार्यकर्ताओं के बल पर लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद बीजेपी के सामने है मोमेंटम को बनाए रखने की चुनौती है, ताकि विधानसभा चुनाव में भी ये करिश्मा दोहराया जा सके.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours