भारतीय ध्वज संहिता का होगा पालन* प्लास्टिक के राष्ट्रीय ध्वज पर रहेगा प्रतिबंध

 हर चौक चौरा हे पर स्थापित प्रतिमाओं की होगी साफ सफाई, किया जाएगा माल्यार्पण

धनबाद से शौकत खान 
धनबाद । स्वतंत्रता दिवस समारोह 2019 को लेकर आज समाहरणालय के सभाकक्ष में उपायुक्त अमित   कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में भारतीय ध्वज संहिता का पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा भारत का राष्ट्रीय झंडा, भारत के लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं का प्रतिरूप है। यह राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। साथ ही प्लास्टिक के राष्ट्रीय ध्वज पर प्रतिबंध लगाने का भी निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्र दिवस समारोह से पूर्व शहर, प्रखंड, पंचायत के हर चौक चौराहों में स्थापित प्रतिमाओं की सफाई की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। 1 अगस्त से 14 अगस्त तक पूरे जिले में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे जिले में ड्राई डे घोषित होगा। उन्होंने कहा कि रणधीर वर्मा स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में अधिक से अधिक संख्या में स्कूली बच्चों को भी शामिल किया जाए। जिससे बच्चे प्रोत्साहित होंगे और उन्हें यह भी पता चलेगा कि यह कितना महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उपायुक्त ने मुख्य समारोह स्थल रणधीर वर्मा स्टेडियम के समतलीकरण करने तथा किसी भी परिस्थिति में जल जमाव नहीं होने देने का निर्देश दिया।

       बैठक में उपायुक्त ने परेड व्यवस्था की भी समीक्षा की 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रणधीर वर्मा स्टेडियम में भव्य परेड आयोजित होगा। परेड की सारी व्यवस्था वरीय पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में किया जाएगा। सार्जेंट मेजर की देखरेख में राष्ट्र ध्वज बांधने का कार्य किया जाएगा। परेड का पूर्वाभ्यास 9 अगस्त से 13 अगस्त तक किया जाएगा। मुख्य समारोह के लिए परेड के पूर्वाभास का अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) एवं ग्रामीण एसपी द्वारा संयुक्त रूप से 13 अगस्त को पूर्वाहन 9:00 बजे किया जाएगा।

                          परेड में लेंगे 11 प्लाटून हिस्सा 

स्वतंत्रता दिवस समारोह में डीएपी के दो प्लाटून, सीआईएसएफ एक, सीआरपीएफ एक, जेएपी एक, होमगार्ड एक, एनसीसी जूनियर एवं सीनियर दो, आरपीएसएफ 10 वीं वाहिनी एक तथा भारतीय स्काउट एंड गाइड के दो प्लाटून हिस्सा लेंगे। किड्स गार्डन स्कूल झरिया के सौजन्य से स्कूली छात्रा बैंड सहित परेड में भाग लेंगे मंच की व्यवस्था अनुमंडल पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता (आपूर्ति) की देखरेख में किया जाएगा।

 स्वतंत्रता सेनानियों एवं विभिन्न संकायों के टॉपर को किया जाएगा सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रणधीर वर्मा स्टेडियम में जिले के सरकारी विद्यालयों के विभिन्न संकायों के टॉपर आईसीएसई, सीबीएसई एवं झारखंड बोर्ड के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया। स्वतंत्रता सेनानियों को मोमेंटो एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

                                     सांस्कृतिक कार्यक्रम 
स्वतंत्रता दिवस की संध्या 6:00 बजे न्यू टाउन हॉल में अनुमंडल पदाधिकारी की देखरेख में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए सभी सरकारी, गैर सरकारी विद्यालयों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम का चयन, चयन समिति द्वारा किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम का मंच संचालन श्री गोपालजी द्वारा किया जाएगा। चयन समिति में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सांस्कृतिक परिषद के सदस्य वाई एन नरूला, एसडी बर्मन, परेश चौहान, रामचंद्र अग्रवाल तथा पूर्व प्रशासनिक पदाधिकारी श्री गोपालजी होंगे।

               मुख्य चौक चौराहों पर होगी रोशनी की व्यवस्था 

स्वतंत्रता दिवस 2019 की पूर्व संध्या एवं 15 अगस्त 2019 को शहर के श्रमिक चौक, स्टील गेट, रणधीर वर्मा चौक, अंबेडकर चौक एवं अन्य 8 - 10 प्रमुख चौक चौराहों पर तिरंगे रंगों से लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी।

 रणधीर वर्मा स्टेडियम एवं अन्य कार्यालयों में झंडोत्तोलन इस प्रकार निर्धारित है 

रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में पूर्वाह्न 9:00 बजे। धनबाद समाहरणालय पूर्वाह्न 10:00 बजे। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय पूर्वाह्न 10:15 बजे। अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय 10:30 बजे, मिश्रित भवन 10:45 बजे, गांधी सेवा सदन में 11:00 बजे, रेड क्रॉस भवन में 11:15 बजे तथा पुलिस लाइन में पूर्वाह्न 11:30 बजे झण्डोत्तोलन कार्यक्रम निर्धारित है। बैठक में उपायुक्त  अमित कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक  किशोर कौशल, उप विकास आयुक्त  शशि रंजन, नगर आयुक्त, ग्रामीण एसपी, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (आपूर्ति), अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था), जे आर डी ए के प्रभारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सार्जेंट मेजर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours