रांची। चौतरफा संन्‍यास की चर्चा के बीच रांची के लोकल हीरो महेंद्र सिंह धोनी अपने घर पहुंच गए हैं। संभव है कि माता-पिता से मिलकर वे अगले एक-दो दिनों में कोई बड़ा एलान करें। अपने संन्‍यास पर आखिरी फैसला ले लें। धोनी कब संन्यास लेंगे? वेस्टइंडीज जाने वाली टीम में चयनकर्ता माही को शामिल करेंगे या नहीं? ऐसे कई प्रश्नों का उत्तर खोज रहे उनके प्रशंसकों तथा बीसीसीआइ चयन समिति के सदस्यों को उधेड़बुन में छोड़ महेंद्र सिंह धौनी बेटी जीवा और पत्‍नी साक्षी के साथ गुरुवार की रात रांची पहुंचे। 

धोनी नई दिल्ली से विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट से पत्नी साक्षी व बेटी जीवा के साथ लौटे हैं। रात में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर गहमागहमी नहीं रहने के कारण माही ने वहां कुछ प्रशंसकों के साथ फोटो भी खिंचवाई। इसके बाद वे गाड़ी में बैठ सिमलिया स्थित अपने घर निकल गए। आइपीएल शुरू होने के बाद से धौनी सिर्फ दो बार रांची एक-एक दिन के लिए ही आये थे।

पहली बार वे मां दुर्गा के दिउड़ी मंदिर में पूजा करने आए थे। वहीं दूसरी बार लोकसभा चुनाव के दौरान वोट देने के लिए आए। माना जा रहा है कि धोनी अभी कुछ दिन रांची में ही रहकर अपने भविष्य की योजनाओं पर आत्ममंथन करेंगे। वैसे वे कब क्या निर्णय लेंगे इस संदर्भ में कोई कुछ नहीं कह रहा है।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours