सरायकेला के आदित्यपुर में अपनी ही महिला सहयोगी को ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने बीजेपी युवा मोर्चा के नेता अमित सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया. वह सतबहनी का रहने वाला है. आरोप के मुताबिक वह महिला नेत्री के मोबाइल पर दुष्कर्म का वीडियो भेजकर ब्लैकमेल कर रहा था. पीड़िता ने इस सिलसिले में आदित्यपुर थाने में केस दर्ज कराया है.

दुष्कर्म का बनाया था वीडियो

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी नेता ने पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और अब वीडियो के जरिये उसे ब्लैकमेल कर रहा है. रेप के वक्त आरोपी ने वीडियो बनाया था. पीड़िता के मुताबिक आरोपी सरकार और संगठन के दम पर पुलिस से छूट जाने की भी धमकी दी है.

आदित्यपुर थानाप्रभारी ने बताया कि महिला नेत्री के साथ जबरन अवैध संबंध बनाकर वीडियो बनाया गया. अब उस वीडियो को वायरल किया जा रहा है. वीडियो के जरिये पीड़िता को पिछले कई महीनों से ब्लैकमेल किया गया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को थाने में बुलाकर गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की छानबीन चल रही है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours