जिस राज्य में रूक- रूक कर भूख से मौत की खबरें सामने आती हैं, उसी राज्य में सरकारी अनाज दीमक और कीड़ों का निवाला बन जाता है. सरकारी गोदाम में रखे जिस अनाज से गरीबों का पेट भरा जा सकता था, वह व्यवस्था की भेंट चढ़ गया. हम बात कर रहे हैं रांची के कडरू स्थित एफसीआई गोदाम की. यहां पर रखे हजारों क्विंटल दाल, चीनी, नमक और चावल इसलिए बर्बाद हो गये क्योंकि व्यवस्था को यही मंजूर था.
मंत्री को दुनिया की चिंता, विभाग की नहीं
खाद्य आपूर्ति विभाग सूबे के सबसे गंभीर मंत्री सरयू राय का है. सरयू राय का शगल है कि वह पूरे विश्व की चिंता करते हैं, सिर्फ अपने विभाग को पटरी पर लाने में असर्मथ हैं. गोदाम में रखा अनाज इस कदर बर्बाद हो गया कि इसे खाने से मवेशी भी इंकार कर दे. इस मुद्दे पर हो-हंगामा होने पर मंत्री सरयू राय बुधवार को कडरू गोदाम पहुंचे. साथ में न्यूज- 18 की टीम भी थी. जो कुछ हुआ और जो कुछ मंत्री जी ने कहा वह अपने आप में किसी आश्चर्य से कम नहीं.
सड़े हुए दाल शिक्षा विभाग के
मंत्री जी ने कहा कि जो दाल सड़ गये, वह शिक्षा विभाग का था. शिक्षा विभाग ने निजी एजेंसी से दाल मंगवा तो लिया, लेकिन उठाव नहीं किया. इस वजह से दाल सड़ गये. हालांकि उनके पास इस बात का कोई जवाब नहीं था कि चीनी, चावल और नमक क्यों बर्बाद हो गये.
दरअसल यह व्यवस्था का दोष है. यह अधिकारियों की लापरवाही का नतीजा है. जिसके चलते हजारों क्विंटल अनाज सड़ गये.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours