रांची। बच्चा चोर की अफवाह के बीच शुक्रवार व शनिवार को भी उग्र भीड़ ने पांच लोगों की पिटाई कर दी। घटना गढ़वा, पलामू, रामगढ़ व पश्चिमी सिंहभूम में हुईं। सभी घटनाओं में पुलिस ने हस्तक्षेप कर चारों पीडि़तों को भीड़ से छुड़ाया। पिटाई से घायल लोगों का इलाज कराया जा रहा है। गढ़वा के रंका की भुइयां टोली में शुक्रवार की देर शाम बच्चा चोरी के आरोप में भीड़ ने एक युवक को पीटकर अधमरा कर दिया। युवक यूपी के जौनपुर थाना क्षेत्र के कोपा गांव का रहनेवाला है।
पिछले कुछ महीने से वह रंका में रह रहा था। पुलिस ने यहां त्वरित कार्रवाई करते हुए विक्षिप्त की पिटाई में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आधा दर्जन से अधिक अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। उधर पलामू के हुसैनाबाद थाना के दंगवार ओपी अंतर्गत बरवाडीह गांव में एक अर्धविक्षिप्त महिला की ग्रामीणों ने बच्चा चोर के संदेह में पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर हुसैनाबाद थाना प्रभारी रास बिहारी लाल पीडि़त महिला को भीड़ से बाहर निकाला। महिला अपना नाम-पता नहीं बता पा रही है।
दूसरी ओर रामगढ़ में शुक्रवार रात फिर बच्चा चोरी की अफवाह में ग्रामीणों ने दो लोगों की पिटाई कर दी। पिटाई के शिकार दोनों युवकों की पहचान एमईएस रामगढ़ के कैजुअल मजदूर शंकर मुंडा और लालू मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस की तत्परता से दोनों की जान बचा ली गई। पुलिस ने देर रात दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इसमें से एक को रिम्स रेफर कर दिया गया है। मामले में 50-60 लोगों के खिलाफ रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours