धनबाद. कोल इंडिया के मजदूर आज से हड़ताल पर चले गये हैं. भारतीय मजदूर संघ ने पांच दिवसीय हड़ताल की घोषणा की है. ये हड़ताल कोल इंडिया में सौ प्रतिशत एफडीआई के विरोध में की गयी है. मजदूर 23 से 27 सितम्बर तक कामकाज से दूर रहेंगे. मजदूरों की इस हड़ताल से बीसीसीएल, ईसीएल समेत कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियां प्रभावित होंगी. कोयला उत्पादन व डिस्पैच पर असर होगा. हड़ताल को देखते हुए बीसीसीएल के सभी कोलियरी व प्रोजेक्ट में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. जिला पुलिस और सीआईएसएफ के अतिरिक्त जनावों को तैनात किया गया है.

मंगलवार से संयुक्त मोर्चे की हड़ताल

भारतीय मजदूर संघ के अलावा पांच श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चे की हड़ताल मंगलवार से शुरू होगी. ये सभी कोल इंडिया में सौ फीसदी एफडीआई का विरोध कर रहे हैं. इसके अलावा भी कई अन्य मुद्दे हैं.

भारतीय मजदूर संघ से जुड़े झारखंड श्रमिक संघ के सदस्य राजीव रंजन ने बताया कि सीसीएल के सभी एरिया में हड़ताल को मजदूरों का समर्थन मिल रहा है. यह आंदोलन पूरी तरह सफल होगा.

हड़ताल को बताया गैरकानूनी

वहीं सीसीएल के सीएमडी गोपाल सिंह ने इस हड़ताल को गैर कानूनी बताते हुए मजदूरों से काम पर लौटने की अपील की है. काम नहीं करने वाले मजदूरों का वेतन काटने और उन पर कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी गई है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours