रांची। बच्चा चोर की अफवाह में निर्दोष, लाचार और विक्षिप्त लोगों की पिटाई का सिलसिला रविवार को भी थमा नहीं नजर आया। दुमका, गिरिडीह, गोडड, साहिबगंज और रांची के अलग-अलग इलाकों में हुई घटनाओं में शनिवार व रविवार को भी उग्र भीड़ ने एक महिला समेत आधा दर्जन लोगों की पिटाई कर दी गई। इन सभी मामलों में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीडि़तों को उग्र भीड़ से छुड़ाया और घायलों का इलाज करवाया।

वहीं पिट रहे लोगों की जान बचाने के लिए कुछ समझदार लोगों ने भी सूझबूझ और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तुरत पुलिस को सूचना दी। कुछ ऐसे भी मामले आए जिनमें कानून हाथ में लेने की बजाय लोगों ने संदिग्ध व्यक्ति को बिना मारपीट किए पुलिस के हवाले कर दिया। गोड्डा जिले के मेहरमा थाना अंतर्गत कमरगामा में शनिवार देर शाम बदहवाश दौड़ रहे एक विक्षिप्त युवक की बच्चा चोर के संदेह में ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान कुछ बुद्धिजीवियों के सहयोग और सूझबूझ से पुलिस ने आक्रोशित भीड़ के चंगुल से युवक छुड़ाकर उसकी जान बचाई।

वहीं दुमका के तालझारी थाना अंतर्गत जमनी कोला गांव में रविवार दोपहर उग्र लोगों वे एक विक्षिप्त वृद्ध की बच्चा चोर होने के शक में बंधक बनाकर पिटाई कर दी। उधर से गुजर रहे एक व्यक्ति ने वृद्ध को बचाने की कोशिश तो लोगों ने उसे भी पीट दिया। पुलिस सक्रियता के कारण उक्त युवक की जान बचा ली गई। उधर रांची जिले के खलारी क्षेत्र के बलथरवा गांव में मानसिक रूप से बीमार एक व्यक्ति को लोगों ने बच्चा चोर होने के शक में पीट दिया।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours