लोहरदगा। लोहरदगा जिले के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र सेरेंगदाग थाना के सुदूरवर्ती जंगली-पहाड़ी क्षेत्र के जुड़नी गांव में मंगलवार की देर शाम ग्रामीणों की भीड़ ने डायन-बिसाही के आरोप में वृद्ध दंपती की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पूरी घटना मृतक दंपती के पुत्र फुलदेव लोहरा और उसकी तीन बेटियों के सामने हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव को गांव में ही फेंक दिया। घटना के बाद फुलदेव और उसकी तीनों बहनें डर से गांव छोड़ अन्यत्र भाग निकले।
घटना की जानकारी बुधवार को स्थानीय पुलिस को हुई। इसके बाद पुलिस वृद्ध दंपती के शव को बुधवार की देर शाम सेरेंगदाग थाना लेकर आई। यहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरुवार को लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा जाएगा। एसपी प्रियदर्शी आलोक ने बताया कि मामले में 20 लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस जांच कर रही है। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
क्या है पूरा घटनाक्रम
लोहरदगा जिले के सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के जुड़नी गांव में विगत एक सप्ताह पहले एक बच्चे की मौत हो गई थी। इसे लेकर ग्रामीणों को संदेह था कि जुड़नी गांव निवासी जोखन लोहरा के पुत्र हरकु लोहरा (55) और उसकी पत्नी हिरी लोहरा (50) जादू-टोना कर गांव में लोगों की जान ले रहे हैं। गांव के लोगों के बीमार रहने को लेकर भी ग्रामीणों को हरकु और हिरी पर संदेह था। इसी बीच मंगलवार को गांव में पंचायत बैठी। यहां पर पूरे गांव के लोगों ने हरकु और हिरी पर डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए लाठी-डंडे और हाथ-पैर से पीट-पीटकर मार डाला।
ग्रामीणों ने पूरी घटना को हरकु और हिरी के पुत्र फुलदेव और उसकी तीन बेटियों के सामने अंजाम दिया। ग्रामीणों ने फुलदेव और उसकी बहनों को धमकी दी कि किसी को घटना की जानकारी दी तो उन्हें गांव में नहीं रहने देंगे। फुलदेव और उसकी बहनें इस घटना को लेकर काफी डर गई। रात में अंधेरा होने पर फुलदेव भाग कर गुमला जिले के विशुनपुर थाना क्षेत्र के जमटी गांव पहुंचा। यहां पुलिस को मामले की सूचना दी। वहीं फुलदेव की तीनों बहनें भी रात के अंधेरे में भाग कर तुरियाडीह गांव पहुंची।
वहां से उन्होंने बुधवार को पुलिस को मामले की सूचना दी। इसके बाद एसपी प्रियदर्शी आलोक के निर्देश पर सेरेंगदाग थाना पुलिस बुधवार की देर शाम शवों को सेरेंगदाग थाना ले आई। शवों को गुरुवार को लोहरदगा सदर अस्पताल लाया जाएगा। मृतक दंपती के पुत्र फुलदेव ने घटना को लेकर एक दर्जन लोगों का नाम लिया है। गुरुवार को घटना को लेकर प्राथमिकी की कार्रवाई की जाएगी।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours