पूर्वी सिंहभूम. संथाल परगना के बाद सीएम रघुवर दास कोल्हान दौरा पर निकल चुके हैं. बहरागोड़ा से दूसरे चरण की जन आशीर्वाद यात्रा शुरू हुई. बहरगोड़ा में आयोजित सभा में सीएम ने कहा कि कांग्रेस और जेएमएम ने निर्दलीय विधायक को मुख्यमंत्री बनाकर झारखण्ड को लूटने का काम किया. झारखण्ड वंशवादी पार्टियों की जागीर नहीं है. लोकसभा चुनाव में भी जनता ने वंशवाद को नकार दिया और इस बार भी वंशवाद को मुंह की खानी पड़ेगी.
विपक्ष ने घोटाले कर झारखंड को बदनाम किया
सीएम ने कहा कि गांधी परिवार देश को और सोरेन परिवार झारखण्ड को अपनी जागीर समझता है. जनता इन्हें वोट की चोट से सबक सिखाएगी. जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने गठबंधन बनाकर झारखण्ड को लूटा और 4000 करोड़ रुपए का घोटाला कर सूबे को बदनाम किया. भ्रष्टाचार ही इनका एकमात्र एजेंडा था. जबकि हमारी सरकार बेदाग है.
संथाल के बाद अब कोल्हान की जनता जागेगी
सीएम ने कहा कि पांच सालों में हमारी सरकार ने जो काम किये, जनता को उसे जानने का हक है. धुआं पीकर खाना बनाने वाली महिलाओं को पीएम ने गैस चूल्हा दिया. झारखंड सरकार ने चूल्हे के साथ डबल सिलेंडर फ्री दिया. एक बेटी पर सत्तर हजार रुपये सरकार खर्च कर रही है. सुकन्या योजना के तहत एक घर की दो बेटियों को लाभ दिया जा रहा है. दुर्गा पूजा के बाद सौ पुरूष और महिला किसानों को इजरायल भेजा जाएगा. चाकुलिया के बांस को आधार बनाकर वैल्यू एडेड प्लांट लगाया जाएगा, जिससे लोगों को रोजगार मिलेंगे.
मुख्यमंत्री ने अपील करते हुए कहा कि संथाल की जनता जागी, तो गुरूजी को हराया. अब कोल्हान की जनता जागकर सही फैसला करेगी. धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का काम एक महीने में शुरू हो जाएगा. वोट को शराब की कीमत पर न बेचें.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours